डीसीएम की टक्कर से टूटे विद्युत पोल, बाल-बाल टला हादसा
अंबेडकर नगर में गाड़ी मोड़ते समय नाले में फंसी डीसीएम, ग्रामीणों ने चालक की लापरवाही पर उठाए सवाल

खखरेरू/फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर एक अंबेडकर नगर में रविवार को डीसीएम चालक की लापरवाही से सड़क किनारे लगे विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में नगर पंचायत की ओर से लगाई गई स्ट्रीट लाइट भी टूट गई। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई राहगीर या दुकानदार मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, डीसीएम संख्या यूपी 78 एलटी 1224 का चालक दीपक अयोध्या से बांस की फलठी और नारियल की झाड़ू लादकर नगर पंचायत खखरेरू के अंबेडकर नगर में सामान उतारने आया था। सामान पहुंचाने के बाद गाड़ी मोड़ते समय डीसीएम विद्युत पोल से टकरा गई और अनियंत्रित होकर नाले में फंस गई। टक्कर से सड़क किनारे लगे विद्युत पोल टूट गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के लाइनमैन ने चालक को रोककर नुकसान की भरपाई के लिए हर्जाने की मांग की। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि चालक की लापरवाही के कारण विद्युत पोल और नगर पंचायत की स्ट्रीट लाइट क्षतिग्रस्त हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में वाहन मोड़ते समय सावधानी बरतनी चाहिए। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय सड़क पर कोई राहगीर या आसपास कोई दुकानदार मौजूद नहीं था। यदि उस समय कोई व्यक्ति वहां होता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।


