रंगोली में इन्दू और दीप डेकोरेशन में अनामिका ने मारी बाजी।
कम्पोजिट विद्यालय भगवत नगर परसिया में दीपोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, पुरन्दरपुर, महराजगंज।
महराजगंज जनपद के कम्पोजिट विद्यालय भगवत नगर परसिया में शनिवार को दीपावली अवकाश की पूर्व संध्या पर दीप डेकोरेशन एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों के बीच आयोजित इन रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यालय परिसर दीपोत्सव के उल्लास और रंगों से जगमगा उठा।दीप डेकोरेशन प्रतियोगिता में अनामिका ने पहला स्थान प्राप्त कर बाजी मारी, जबकि खुशी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में इन्दू ने प्रथम स्थान और रागिनी ने द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी कला का लोहा मनवाया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नीरज गुप्ता ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए और कहा कि दीपोत्सव भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा है, जो हमें आनंद, भाईचारा और सौहार्द का संदेश देता है।विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार गौड़ ने बच्चों को दीपावली के सांस्कृतिक और नैतिक महत्व की जानकारी देते हुए कहा,यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, जिसे सभी धर्मों व समुदायों के लोग मिलजुल मनाते हैं।इस अवसर पर शिक्षिकाएँ तसनीम कौसर, सरोज कुमारी, आरती राय, प्रियंका सिंह सहित छात्र-छात्राएँ अंशिका, अभय, श्यामू, अभिषेक, विनय, आर्यन, गोल्डी, रिद्धि, सन्ध्या, किंजल, मुस्कान आदि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



