घरेलू गैस आपूर्ति पर जिलाधिकारी सख्त, कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी के निर्देश।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज ।
महराजगंज जनपद में घरेलू गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) एवं गैस एजेंसियों के जिला समन्वयकों के साथ ऑनलाइन बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों से गैस आपूर्ति की अद्यतन जानकारी ली और निर्देश
दिया कि न्यूनतम 85 से 95 प्रतिशत रिफिल सिलिंडर की आपूर्ति ऑनलाइन बुकिंग के
माध्यम से सुनिश्चित की जाए।
एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि 21 मार्च 2026 को जनपद में कुल 8913 घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग हुई, जबकि औसत बुकिंग 11082 है। इसी दिन कुल स्टॉक 12801 सिलिंडर रहा, जिसमें से 5661 सिलिंडरों की बिक्री की गई। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल वितरण व्यवस्था सामान्य और सुचारु है। जिलाधिकारी ने चारों तहसीलों के एसडीएम को क्षेत्र में सक्रिय रहकर एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी एजेंसी या व्यक्ति के इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वितरण प्रक्रिया, स्टॉक और बिक्री की आकस्मिक जांच करने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों और गोदामों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, भीड़भाड़ से बचाव किया जाए और होम डिलीवरी के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, सभी एसडीएम तथा ईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के जिला प्रभारी मौजूद रहे।


