जिलाधिकारी ने निचलौल तहसील का किया औचक निरीक्षण।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कल सोमवार को निचलौल तहसील में विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों का अवलोकन करते हुए कर्मचारियों की व्यक्तिगत पत्रावलियों, सर्विस पासबुक, जीपीएफ अभिलेख, आईजीआरएस प्रकरण, आरसी वसूली तथा तहसील दिवस में प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जांच की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अभिलेख पूर्ण एवं अद्यतन रखे जाएं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे। अद्यतन अभिलेख पाए जाने पर उन्होंने संतोष भी व्यक्त किया। उन्होंने राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए वर्षवार प्रगति, कंप्यूटर में अपलोड स्थिति, बकायेदारों की सूची और आरसी वसूली की कार्यवाही का परीक्षण किया तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। रिकॉर्ड रूम निरीक्षण के दौरान कौरतही उर्फ कटका ग्राम के वर्ष 1959 के फसली खसरा अभिलेखों का अवलोकन कर उनके सुरक्षित व सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए। तहसील दिवस रजिस्टर की जांच में एक प्रकरण पर शिकायतकर्ता अविनाश कसौधन से फोन पर वार्ता कर निस्तारण की पुष्टि की गई, जिसमें मामला आपसी सहमति से सुलझा पाया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता, तहसीलदार अमित सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



