शराबी पड़ोसी ने दंपती को लाठी से पीटा, मुकदमा दर्ज
खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के खखरेरू कस्बा में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति द्वारा पड़ोसी दंपती के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खखरेरू कस्बा निवासी पुष्पलता पत्नी दिनेश चंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 जून को सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ी थीं। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी रामपाल निषाद पुत्र बच्चा निषाद शराब के नशे में वहां पहुंचा और अभद्र व्यवहार करने लगा। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार शोर सुनकर उनके पति दिनेश चंद्र बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी ने उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में दंपती को चोटें आईं। आरोप है कि आरोपी ने मारपीट के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता ने खखरेरू थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



