LIVE TVब्रेकिंग न्यूज़

बभनियांव में इनवर्टर बना काल: वायर जोड़ते समय करंट लगने से 32 साल के युवक की गई जान, घर में पसरा मातम

 

बभनियांव में इनवर्टर बना काल: वायर जोड़ते समय करंट लगने से 32 साल के युवक की गई जान, घर में पसरा मातम

रविशंकर तिवारी/स्वाभिमान जागरण मईल

मईल (देवरिया)।गर्मी में राहत के लिए लगाए गए इनवर्टर ने ही एक परिवार का चिराग बुझा दिया। मईल क्षेत्र के बभनियांव गांव में इनवर्टर की वायरिंग सुधारते वक्त 32 वर्षीय चन्द्रमणि उपाध्याय को तेज करंट लग गया। आनन-फानन में परिजन लार सीएचसी ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से पूरे गांव में शोक छा गया।
जानकारी के मुताबिक बभनियांव निवासी दिग्विजय उपाध्याय के बेटे चन्द्रमणि घर में इनवर्टर का कनेक्शन दुरुस्त कर रहा था। लोडशेडिंग के बीच घर में रोशनी बनाए रखने के लिए उसने खुद ही वायर जोड़ना शुरू किया। इसी बीच वह करंट की जद में आ गया और जमीन पर गिर पड़ा।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक चन्द्रमणि के पिता दिग्विजय उपाध्याय गांव स्थित दुर्गा मंदिर में पुजारी हैं। जवान बेटे की मौत से घर में कोहराम मच गया। गांव वाले भी मौके पर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए। मृतक के दो बच्चों एवं पत्नी का रो रो कर बुरा हाल है।
मईल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मईल थानाध्यक्ष विकास नाथ का कहना है कि इस प्रकरण में परिजनों से तहरीर लेकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
स्वाभिमान जागरण की लोगों से अपील:बिजली कटौती के चलते इनवर्टर, यूपीएस का इस्तेमाल बढ़ा है। विद्युत विभाग के कर्मियों का कहना है कि इनवर्टर की वायरिंग या फॉल्ट खुद ठीक करने की कोशिश न करें। हमेशा लाइसेंसी इलेक्ट्रीशियन को बुलाएं। एक छोटी सी गलती जान पर भारी पड़ सकती है।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!