आधे दर्जन से अधिक बिजली पोल टूटे जन जीवन अस्त व्यस्त

खखरेरू फतेहपुर खखरेरू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा पौली में रविवार (05 जुलाई 2026) को आई भीषण आंधी, तेज बारिश और तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण गांव के मुख्य मार्गों पर कई विद्युत पोल टूटकर गिर गए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
तूफान के दौरान कई बड़े पेड़ भी धराशायी हो गए। गांव की बस्ती के भीतर कुछ पेड़ मकानों पर गिरने से लोगों को आर्थिक नुकसान हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार कई लोग बाल-बाल बच गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
बिजली के पोल गिरने और तार टूटने से पूरे गांव में अंधेरा छा गया है। विद्युत आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और अन्य दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन से मांग की है कि टूटे हुए विद्युत पोल और तारों को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि बिजली आपूर्ति बहाल हो सके। साथ ही गिरे हुए पेड़ों को हटाकर मुख्य मार्गों को यातायात के लिए सुरक्षित बनाया जाए।
फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों से अपील की गई है कि टूटे हुए बिजली के तारों और पोलों के पास जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।

