गोवंश तस्करी पर मईल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार, चार गोवंश व बाइक बरामद

स्वाभिमान जागरण, देवरिया
देवरिया। जनपद में अवैध गो-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मईल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार गोवंशीय पशु, बिना नंबर प्लेट की एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल तथा लोहे का चापड़ और लकड़ी का ठेहा बरामद किया है। मामले में गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील सिंह तथा क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना मईल पुलिस 27/28 जुलाई 2026 की रात संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने देवरहवा बाबा तपस्थली (मचान) नदी किनारे दबिश देकर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दिनेश उर्फ नान्हू राजभर (45 वर्ष) पुत्र स्व. रामचीन राजभर तथा नीरज कुमार (26 वर्ष) पुत्र मोहन प्रसाद, दोनों निवासी नरसिंहडाड़, थाना मईल, जनपद देवरिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से चार गोवंशीय पशु, बिना नंबर प्लेट की एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल, एक सफेद झोले से लोहे का चापड़ एवं लकड़ी का ठेहा बरामद किया। इस संबंध में थाना मईल में मु0अ0सं0-139/2026 के तहत धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में गिरोह का खुलासा
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे 8-9 सदस्यीय गिरोह के साथ मिलकर खुले में घूम रहे गोवंशीय पशुओं को पकड़ते थे। इसके बाद उन्हें नदी किनारे लाकर नाव के जरिए बिहार ले जाकर कम कीमत पर बेच देते थे और प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।


