महर्षि देवरहा बाबा की तपोस्थली मईल बनेगा आयुष ग्राम, योग व स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

स्वाभिमान जागरण, देवरिया
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा की पावन तपोस्थली ग्राम मईल को आयुष ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। यह निर्णय आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव (के.जी.) एवं संयुक्त सचिव (ए.डी.) की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में लिया गया। बैठक में हर घर योग कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) देवरिया उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम मईल को आयुष ग्राम के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया, जहां नियमित रूप से योग एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
महर्षि देवरहा बाबा की तपोस्थली ग्राम मईल में उनकी मचान, गुफा और मंदिर स्थित हैं। मान्यता है कि बाबा ने इसी मचान पर जप, तप और योग साधना के माध्यम से दीर्घायु प्राप्त की तथा जीवनभर लोककल्याण के कार्यों में अपना योगदान दिया। आज भी उनकी तपस्थली श्रद्धालुओं के लिए आस्था और प्रेरणा का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
आयुष ग्राम योजना के तहत ग्राम मईल के प्रत्येक परिवार और प्रत्येक व्यक्ति का विस्तृत स्वास्थ्य सर्वेक्षण कराया जाएगा। इसमें रहन-सहन, खान-पान, दैनिक जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का आकलन कर व्यक्तिगत स्वास्थ्य प्रोफाइल तैयार की जाएगी। इसके आधार पर आयुष विभाग के चिकित्सक एवं योग प्रशिक्षक लोगों को योग, आयुर्वेद तथा अन्य आयुष पद्धतियों के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्रदान करेंगे।
इसके साथ ही गांव में समय-समय पर सामूहिक योग शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को निवारक एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
इस महत्वाकांक्षी योजना के सफल क्रियान्वयन में ग्राम पंचायत मईल, आयुष विभाग, आयुष्मान आरोग्य मंदिर मईल, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) का सहयोग लिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य ग्राम मईल को योग, आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली का आदर्श मॉडल गांव के रूप में विकसित करना है।



