लार में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली

देवरिया। थाना लार क्षेत्र के सुतावर मोड़ के पास शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि दिनांक 03.10.2026 की रात्रि थाना लार पुलिस द्वारा सुतावर मोड़ पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वह न रुककर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया।
आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त घायल हो गया। घायल को तत्काल पीएचसी लार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत स्थिर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान दीपक तिवारी पुत्र स्व. विनोद तिवारी निवासी भीखम छपरा, थाना लार के रूप में हुई है। वह थाना लार के मु0अ0सं0 291/2026 में नामजद वांछित है।
तलाशी में उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।



