पुलिस मुठभेड़ में रामेश्वर तिवारी हत्याकांड का एक अभियुक्त गिरफ्तार
सुतावर मोड पर रात में पुलिस से हुई मुठभेड़, पैर में लगी गोली

स्वाभिमान जागरण देवरिया। लार क्षेत्र के बहूचर्चित रामेश्वर तिवारी हत्या काण्ड के नामजद अभियुक्तों में दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उन्हें बाल सुधार गृह भेजा। उसके बाद पुलिस शेष आरोपियों की तलाश में लगी थी कि बीती रात सुतावर मोड पर एक नामजद अभियुक्त को मुठभेड़ में पुलिस ने पैर में गोली मार कर गिरफ्तार कर लिया।
थाना लार पुलिस द्वारा दिनांक 03.10.2026 की रात्रि में सुतावर मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को रोकने के लिए इशारा किया गया था, परंतु वह व्यक्ति वहीं पर न रुका, वहीं से भागने लगा। पीछा करने पर पुलिस वालों के ऊपर उसके द्वारा एक तमंचे से फायर भी किया गया। अपनी जान बचाने के लिए सीखे हुआ तरीके से पुलिस द्वारा भी जवाबी कार्यवाही की गई और इस जवाबी कार्यवाही में उक्त अभियुक्त के बायें पैर में गोली लगी है। तुरंत ही पुलिस द्वारा उस घायल अभियुक्त को लेकर पीएचसी लार पहुँचा गया, जहाँ से उसका प्राथमिक इलाज कराकर स्टेबलाइज करके हायर सेंटर रेफर किया गया है। उक्त अभियुक्त की पहचान दीपक तिवारी पुत्र स्वर्गीय विनोद तिवारी निवासी भीखम छपरा, थाना लार के रूप में हुई है, जो विगत कुछ दिन पहले पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 291/2026 थाना लार में नामजद है। उक्त अभियुक्त के कब्जे से पुलिस को 01 नाजायज तमंचा 315 बोर, 02 खोखा कारतूस एवं 01 जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाई की जा रही है।



