आगामी त्योहारों के मद्दे नजर थानाध्यक्ष ने डीजे संचालकों को दिया सख्त निर्देश।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महाराजगंज ।
आगामी विश्वकर्मा पूजा, दशहरा, दीपावली, रामलीला तथा माता भद्रकाली के आयोजनों को लेकर मंगलवार को दोपहर थाना परिसर में डीजे संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्वयं थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने की, जिसमें सभी डीजे संचालकों को त्योहारों के दौरान अधिक ध्वनि प्रदूषण न हो , कानून व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष ने कहा कि त्योहारों के दौरान डीजे संचालन में नियमों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ध्वनि सीमा 65 डेसिबल से अधिक नहीं होनी चाहिए और रात्रि 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगाऔर नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें डीजे जब्ती और जुर्माना भी शामिल होगा।
थानाध्यक्ष ने डीजे संचालकों से अपील की कि वह त्योहारों के दौरान धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि ध्वनि प्रदूषण से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसलिए नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि आगामी त्योहारों में क्षेत्र में भारी भीड़ आने की संभावना है। ऐसे में पुलिस प्रशासन हर गतिविधि पर नजर रखेगा। उन्होंने डीजे संचालकों से अपील की कि वह किसी भी प्रकार के विवादित , भड़काऊ या फूहड़ गाने का प्रयोग न करें ताकि लोगों में सौहार्द बना रहे।
थानाध्यक्ष ने क्षेत्रीय जनता से भी अपील की कि वह त्योहारों के दौरान नियमों का पालन करें और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।



