रिक्शाचालक से मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूटी, अज्ञात बदमाश फरार

खखरेरू/फतेहपुर थाना क्षेत्र में रिक्शाचालक से मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
ओरहा निवासी हाशिम पुत्र रियाजुल हसन ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि 8 जनवरी को वह रतनपुर सवारी छोड़कर वापस आ रहा था। इसी दौरान भैरमपुर चौराहे पर खड़ा था, तभी एक अज्ञात व्यक्ति मुंह बांधे हुए उसके पास आया और ऐमापुर छोड़ने को कहा। हाशिम ने उसे रिक्शे पर बैठा लिया। करीब 500 मीटर आगे जाने के बाद उक्त व्यक्ति ने कहा कि तीन लोग आवाज दे रहे हैं, उन्हें भी बैठा लिया जाए।
जैसे ही हाशिम ने रिक्शा रोका, तभी चार अन्य लोग मुंह बांधे हुए और लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर आ गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने हाशिम का करीब 23 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन और जेब में रखे 700 रुपये छीन लिए तथा धाता की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। इस संबंध में एसओ विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि इन लोगों का रिक्शा को लेकर विवाद हुआ है लुट की घटना गलत है जांच कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
