जिलाधिकारी ने मिनी इंडोर स्टेडियम के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, धनेवा धनेई में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत बन रहे मिनी इंडोर स्टेडियम व अन्य निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण में
ऑडिटोरियम निर्माण में प्रयुक्त ईंट व बालू की गुणवत्ताः संतोषजनक न मिलने पर डीएम ने ठेकेदार व कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता में कमी मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। डीएम ने छात्रावास का भी निरीक्षण किया, जहां कोई छात्रा नहीं मिली। उन्होंने छात्रावास का शीघ्र आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर नाराजगी जताते हुए सुधार के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं जरूरी हैं, जिससे छात्राओं को सुरक्षित व अनुकूल वातावरण मिल सके।



