तांत्रिक की हत्या कर लाश छिपाने वाला शातिर अभियुक्त एक वर्ष बाद गिरफ्तार।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज थाना कोतवाली पुलिस ने तांत्रिक रमाकांत चौहान की हत्या कर शव छिपाने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस नेआरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप (आला-कत्ल) भी बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के मार्गदर्शन में की गई। मामला मु०अ०सं० 437/2025 धारा 103 (1), 238, 352 बीएनएस से संबंधित है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राघवेन्द्र सिंह उर्फ जेलर
निवासी केशवपुर, सहजनवां (गोरखपुर) के रूप में हुई है, जिसे हिरासत में लेकर न्यायालय रवाना किया गया। घटना के अनुसार, 01 जून 2025 को रमाकांत चौहान को उनके घर से कार में बैठाकर सहजनवां ले जाया गया, जहां लोहे की पाइप से सिर
पर वार कर उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को जनपद बस्ती के थाना नगर क्षेत्र के खड़ौवाजाट इलाके में सड़क किनारे छिपा दिया
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक तांत्रिक और झाड़-फूंक का कार्य करता था। 2 लाख रुपये के लेन-देन और पारिवारिक तनाव के कारण वह उससे नाराज था। आगे उसने अपने पुत्र की मौत से जुड़ी घटना को तांत्रिक से जोड़ते हुए बदले की भावना में हत्या की बात स्वीकार की। आरोपी ने यह भी बताया कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए कई स्थानों की रेकी की और अंततः बस्ती में सुनसान जगह पर शव फेंक दिया। बाद में वह दिल्ली भाग गया और गिरफ्तारी से बचने का प्रयास करता रहा। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।



