कमरे में बंद कर युवक को जलाने का प्रयास, एसपी से लगाई न्याय की गुहार।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महराजगंज।
महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चेनपुर निवासी रवि कुमार ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कुछ लोगों पर कमरे में बंद कर मारपीट करने और गर्म तेल डालकर जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित रवि कुमार के अनुसार, 16 मई 2026 की रात करीब 12 बजे वह ग्राम नरायनपुर में एक कार्यक्रम में खाना बनाने गया था। आरोप है कि इसी दौरान खाना बनाते समय कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और कमरे में बंद कर बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसके ऊपर गर्म तेल डालकर जलाने का प्रयास भी किया।
रवि कुमार ने आरोप लगाया कि हमलावर उसकी सोने की चेन भी छीन ले गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उसकी जान बच सकी।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में आरोपी उसके घर पहुंचकर अवैध असलहा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे और उसकी मोटरसाइकिल भी उठा ले गए। मामले की सूचना स्थानीय थाने पर देने के बावजूद कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित ने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।



