भागलपुर में दलित युवक को पीट-पीटकर मरणासन्न किया, हत्या के प्रयास व SC/ST एक्ट में केस

भागलपुर में दलित युवक को पीट-पीटकर मरणासन्न किया, हत्या के प्रयास व SC/ST एक्ट में केस
देवरिया। मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर में 20-21 अप्रैल की रात दलित युवक आशीष पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 3 महीने बाद मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि गांव के ही 3 मनबढ़ युवकों ने प्राइमरी स्कूल के पास युवक को घेरकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से इतना पीटा कि वह मरणासन्न हो गया। अभी युवक का लखनऊ में इलाज चल रहा है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने विशाल साहनी, आशुतोष यादव, अखिलेश साहनी समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास व SC/ST एक्ट में FIR दर्ज की है।
मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर निवासी सतीश प्रसाद पुत्र नगीना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दुर्ग, छत्तीसगढ़ में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनका 17 वर्षीय बेटा आशीष अप्रैल माह में घर आया था।
20-21 अप्रैल 2026 की रात करीब 9-10 बजे आशीष बुखार की दवा लेने मेडिकल स्टोर जा रहा था। गांव के प्राइमरी स्कूल के पास गांव के ही कुछ मनबढ़ युवकों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने आशीष को इतना मारा कि उसके पेट में गंभीर चोट आ गई। पेट में गंभीर चोट के कारण आशीष को पहले PHC लार, फिर जिला अस्पताल देवरिया, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज और अब लखनऊ रेफर किया गया है। लखनऊ में उसका पेट का ऑपरेशन हो चुका है और हालत अभी भी मरणासन्न बताई जा रही है।
सतीश प्रसाद की तहरीर पर मईल पुलिस ने 3 महीने बाद विशाल साहनी पुत्र जयप्रकाश साहनी, आशुतोष यादव पुत्र विरेन्द्र यादव, अखिलेश साहनी पुत्र रामबदन साहनी तीन नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने BNS की धारा 109(1) हत्या का प्रयास, 191(2)(3) बलवा, 352 जानबूझकर चोट, 351(3) आपराधिक धमकी और SC/ST एक्ट 1989 की धारा 3(2)(V) जातिसूचक गाली व अपमान में केस पंजीकृत किया है। जांच सीओ बरहज को सौंपी गई है।
थाना प्रभारी विकास नाथ ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।



