चोरी के चालीस मोबाइल फोन के साथ शातिर महिला समेत दो गिरफ्तार।

उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ महाराजगंज

 

 

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।

जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत फरेन्दा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चोरी के 40 विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन के साथ एक महिला समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद मोबाइलों में 14 वनप्लस और 8 एप्पल आईफोन सहित वीवो, रेडमी, सैमसंग, नथिंग, पोको, रियलमी और ओप्पो कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। सभी मोबाइल आठ अलग-अलग पैकेटों में रखे गए थे।

 

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी फरेन्दा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।

 

पुलिस के अनुसार, थाना फरेन्दा में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 326/2026, धारा 317(2) बीएनएस से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर बस स्टॉप बोर्ड के पास से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनमोहन सिंह राणा पुत्र प्रेम सिंह, निवासी पुष्प विहार, साकेत, नई दिल्ली (उम्र करीब 41 वर्ष) तथा संगीता सिंह पत्नी रविन्द्र सिंह, निवासी जय कॉलोनी, आरकेडिया ग्रांड, जनपद देहरादून, उत्तराखंड (उम्र करीब 42 वर्ष) के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 40 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें वीवो के 4, रेडमी के 6, सैमसंग के 2, एप्पल आईफोन के 8, नथिंग के 2, पोको का 1, वनप्लस के 14, रियलमी का 1 और ओप्पो के 2 मोबाइल शामिल हैं।

 

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार मौर्य, कांस्टेबल मनीष कुमार, नवनीत कुमार तथा महिला कांस्टेबल बिन्दू सरोज शामिल रहीं।

 

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। महराजगंज पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।